
बाघनगर–ओंकारेश्वर में आदिवासियों के समर्थन में उतरी कांग्रेस, जबरन बेदखली का किया विरोध
आदिवासियों के समर्थन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पहुंचे धरना स्थल
खंडवा/ओंकारेश्वर। बाघनगर–ओंकारेश्वर क्षेत्र में आदिवासी परिवारों को कथित रूप से जबरन बेघर किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस खुलकर आदिवासी समुदाय के समर्थन में सामने आई है और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण)उत्तमपाल सिंह कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के आदिवासियों को उनके घरों से हटाना पूरी तरह अनुचित है। पार्टी ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि यदि किसी कारणवश विस्थापन आवश्यक है, तो पहले प्रभावित परिवारों का समुचित पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उनके मकान, जमीन और अन्य संपत्तियों के नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाना भी अनिवार्य है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि पीड़ित आदिवासियों द्वारा अपनी मांग को लेकर ओम्कारेश्वर में धरना दिया जा रहा है जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ ओंकारेश्वर में धरना स्थल पर पहुंचकर आदिवासियों से बातचीत की और उनकी उचित मांग का समर्थन किया।
उत्तमपाल सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन द्वारा आदिवासी परिवारों की अनदेखी करते हुए एकतरफा कार्रवाई की जा रही है, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ रहा है। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा नहीं की गई, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा आदिवासियों के साथ षडयंत्र पूर्वक रवैया अपना कर परेशान किया जा रहा है, पूर्व में मांधाता विधानसभा के नरलाए, पंधाना सहित जिले में आदिवासियों के हक के लिए कांग्रेस हमेशा से साथ रहीं है और उनके हितों एवं उचित मांगों के लिए हमेशा लड़ाई लड़ती रहेगी।
इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर संवेदनशीलता के साथ उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि प्रभावित आदिवासी परिवारों को न्याय मिल सके।







