
छपारा (सिवनी): नगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद आठ दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे युवक ने आखिरकार दम तोड़ दिया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छपारा क्षेत्र अंतर्गत विवेकानंद वार्ड निवासी विनोद रघुवंशी के लगभग 20 वर्षीय पुत्र देवेंद्र उर्फ विक्की रघुवंशी 29 मार्च को बंजारी घाट सड़क पर हुए एक हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत में सुधार न होने पर परिजन बेहतर इलाज के लिए नागपुर लेकर गए, जहां आठ दिनों तक चले इलाज के बाद युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक देवेंद्र उर्फ विक्की रघुवंशी एक होनहार क्रिकेट खिलाड़ी बताए जा रहे हैं, जो कॉलोनियल और जिले के क्रिकेट टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार के साथ-साथ दोस्तों और क्षेत्र के लोगों में भी गहरा दुख व्याप्त है।
घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है
एक होनहार युवा की असमय मौत ने जहां परिवार की खुशियां छीन लीं, वहीं यह घटना सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर सवाल भी खड़े करती है।













