मध्यप्रदेशसिवनी

सिवनी में राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम 12 सूत्रीय मांगों का सौंपा ज्ञापन

सिवनी। राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन के जिला अध्यक्ष शहबाज खान एवं सभी पदाधिकारियों के तत्वावधान में 1 जुलाई 2026 को सिवनी में आयोजित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम के दौरान संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में चालक साथियों ने मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि देश और प्रदेश के लाखों चालक परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन आज भी उन्हें सुरक्षा, सम्मान, सामाजिक संरक्षण और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि चालक वर्ग की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के लिए उनकी 12 प्रमुख मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए। ज्ञापन में राष्ट्रीय चालक आयोग के गठन, निर्धारित कार्य समय एवं उचित वेतन, सामाजिक सुरक्षा और बीमा, राष्ट्रीय राजमार्गों पर विश्राम स्थल, शौचालय, पेयजल एवं भोजन जैसी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था, टोल प्रणाली में सुधार तथा अंतरराज्यीय परिवहन को सरल बनाने जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं।

इसके अलावा ज्ञापन में 60 वर्ष की आयु के बाद चालक भाइयों के लिए पेंशन, बच्चों की शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति, सम्मानजनक रोजगार व्यवस्था, लिखित रोजगार अनुबंध, दुर्घटना एवं ओवरलोड मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई, दुर्घटना में दिव्यांग होने पर आर्थिक सहायता, चालक परिवारों के लिए आवास एवं सामाजिक कल्याण योजनाएं, देशभर में कार्यरत चालकों के लिए वैकल्पिक मतदान व्यवस्था तथा चालक सुरक्षा कानून लागू करने की मांग भी रखी गई।

संगठन का कहना है कि चालक भाई दिन-रात कठिन परिस्थितियों में रहकर देश की परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखते हैं, लेकिन कई बार दुर्घटनाओं, हिंसा, असुरक्षा, लंबी ड्यूटी, कम वेतन और आवश्यक सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ता है। इसलिए सरकार को चालक समुदाय के हित में ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

राष्ट्रवादी चालक सेवा संगठन ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चालक वर्ग की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में चालक साथी उपस्थित रहे और सभी ने चालक एकता एवं अधिकारों के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!