
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश , खेतों में नरवाई जलाने वाले किसानों पर अर्थदण्ड लगाएं
—
खण्डवा#कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि अपने अपने क्षेत्र में यह सुनिश्चित करें कि कोई भी किसान खेतों में नरवाई ना जलाएं। उन्होंने कहा कि नरवाई जलाने वाले सभी किसानों पर अर्थदंड लगाने की कार्यवाही की जाए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉ नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, एसडीएम पुनासा श्री पंकज वर्मा, सहायक कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्णा सुशिर, अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान एवं अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले सहित अन्य विभागीय अधिकारी, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के सीईओ एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी भी मौजूद थे।
उपार्जन केन्द्रों पर सभी आवश्यक तैयारियां करें
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में निर्देश दिए कि गेहूं और चना उपार्जन के लिए सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करें। उपार्जन केंद्रों पर आने वाले किसानों की सुविधा के लिए छांव, पेयजल व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि सिंघाड़ तलाई क्षेत्र में अतिक्रमण हटाकर तलाई में वर्षा के पानी को संग्रहण करने के लिए अग्रिम कार्यवाही की जाए।
ओंकारेश्वर में पेपर बैग, कपड़े के थैले तथा दीपदान हेतु आटे के दीपकों की व्यवस्था करें
कलेक्टर श्री गुप्ता ने ओंकारेश्वर में श्रद्धालुओं द्वारा दीपदान के लिए आटे के दीपक तैयार करने के संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपदान के लिए प्लास्टिक से निर्मित दोने एवं अन्य सामग्री पर रोक लगाई जाए तथा आटे के दीपक को दीपदान के लिए प्रोत्साहित किया जाए, इससे ग्रामीण आजीविका मिशन के महिला स्व-सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को रोजगार मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण भी होगा। कलेक्टर श्री गुप्ता ने ओंकारेश्वर में सिंगल यूज प्लास्टिक की थैलियों के स्थान पर कपड़े की थैलियां और पेपर बैग को प्रोत्साहित करने के भी निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओंकारेश्वर को दिए।
जल स्त्रोतों के आसपास जलग्रहण संरचनाएं बनवाएं
कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में स्थित जल स्रोतों के आसपास सोख्ता गड्ढे एवं अन्य जल ग्रहण संरचनाओं को बनवाएं, ताकि वर्षा का जल वहां एकत्र हो सके और जल स्रोत का जलस्तर कम ना हो। कलेक्टर श्री गुप्ता ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गत वर्ष के अधूरे कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं को “बैंक सखी” की ट्रेनिंग दिलाएं
कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक को निर्देश दिए कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आरसेटी में ट्रेनिंग दिलाकर बैंक सखी और बैंकिंग कॉरस्पॉडेंट का व्यवसाय प्रारंभ करने में मदद करें, ताकि उनकी आय बढ़े और ग्रामीणों को गांव में ही बैंकिंग सुविधा मिल सके। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि अपने अपने क्षेत्र में स्थित सरकारी छात्रावासों का नियमित रूप से निरीक्षण करें और वहां की समस्याओं का उल्लेख करते हुए निरीक्षण प्रतिवेदन भिजवाएं।
संबल योजना के सभी पंजीबद्ध श्रमिकों की ई-केवायसी कराएं
कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्र में संबल योजना के तहत पंजीबद्ध मजदूरों की ई-केवाईसी की कार्यवाही अप्रैल माह में हर हाल में पूर्ण कराएं, अन्यथा मजदूरों को संबल योजना का लाभ मिलने में समस्या आएगी। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में जूनियर रेडक्रॉस विंग को सक्रिय करें।











