
छपारा/देवगांव। रविवार, 12 जुलाई की सुबह करीब 7:30 बजे एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान भवानी उइके (45 वर्ष), पिता त्रिलोकचंद उइके, निवासी घोघरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, भवानी उइके अपने खेत से सब्जियां लेकर देवगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेपाल से चेन्नई की ओर जा रही अर्टिगा कार (क्रमांक TN 01 BU 5608) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में भवानी उइके के सिर में गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपारा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलने पर संबंधित पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।