
सिवनी। जिले के लिए विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण दिन रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने सिवनी प्रवास के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 629 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 494.16 करोड़ रुपये बताई गई है।
इन कार्यों में सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। इनके पूर्ण होने से जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिलने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान आयोजित धान महोत्सव में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर किसानों से संवाद किया जाएगा तथा कृषि और किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ प्रदान किए जाएंगे।
प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बड़ी संख्या में किसानों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।











