छपारामध्यप्रदेशसिवनी

सिवनी (कड़वी) – बारिश ने खोली पंचायत की पोल, अधूरी नालियों ने डुबोए घर, ग्रामीणों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी


(कड़वी जनपद पंचायत छपारा जिला सिवनी)
सिवनी -सिवनी जिले में हुई भारी बारिश ने ग्राम पंचायत कड़वी में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत उजागर कर दी है। गांव में नाली निर्माण कार्य अधूरा पड़े होने के कारण बारिश का पानी सीधे ग्रामीणों के घरों में घुस गया, जिससे घरों में रखा अनाज, खाद्य सामग्री और घरेलू सामान पूरी तरह खराब हो गया। पीड़ित ग्रामीणों में पंचायत प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और सचिव की घोर लापरवाही तथा विकास कार्यों में उदासीनता के कारण यह स्थिति निर्मित हुई। यदि बारिश से पहले नाली निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया होता तो आज लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। गांव के कई हिस्सों में नालियां अधूरी पड़ी हैं, जबकि कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य शुरू तक नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार सरपंच और सचिव को समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिले। नतीजा यह हुआ कि पहली ही तेज बारिश में पंचायत की कार्यप्रणाली की पोल खुल गई और लोगों के घर जलभराव की चपेट में आ गए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि नाली निर्माण के लिए स्वीकृत राशि कहां खर्च हुई? यदि कार्य स्वीकृत था तो समय पर पूरा क्यों नहीं किया गया? क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी या फिर ग्रामीणों की परेशानी फाइलों में ही दबकर रह जाएगी?
ग्राम कड़वी के लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नाली निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो पूरे गांव के लोग एकजुट होकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी पंचायत प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की होगी।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!