
छपारा। नगर की पहचान माने जाने वाले करीब एक सदी पुराने ऐतिहासिक पुल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। पुल की संरचना अभी भी मजबूत दिखाई देती है, लेकिन उसके ऊपर बनी सड़क कई स्थानों पर उखड़ चुकी है। जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पुल प्रतिदिन सैकड़ों लोगों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। बावजूद इसके, सड़क की मरम्मत और नियमित रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। पुल के दोनों ओर उगी झाड़ियां भी इसकी सुंदरता को प्रभावित कर रही हैं।
बारिश के मौसम में सड़क पर बने गड्ढे और कीचड़ दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। नागरिकों का कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत, साफ-सफाई और आवश्यक रखरखाव कराया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
नगरवासियों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि ऐतिहासिक महत्व रखने वाले इस पुल की सुरक्षा और संरक्षण के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए, जिससे यह धरोहर सुरक्षित रह सके और आमजन को राहत मिल सके।













