
रिपोर्टर – भव्य जैन
झाबुआ। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध और तनाव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है। संभावित ईंधन संकट की आशंका के चलते झाबुआ नगर में पेट्रोल और डीजल के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया है।
नगर के सभी पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग जल्द से जल्द ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे स्थिति काफी व्यस्त हो गई है।
स्थिति को संभालने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों ने प्रति व्यक्ति पेट्रोल की सीमा 300 रुपये और डीजल की सीमा 1000 रुपये निर्धारित कर दी है। इसके बावजूद भीड़ में कोई खास कमी नहीं देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, नगर के दो पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह तनाव जारी रहता है, तो ईंधन आपूर्ति पर असर पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आम जनता से संयम बनाए रखने की अपील की जा रही है।












