
छपारा। नगर के पहाड़ियों के बीच स्थित बंजारी माता मंदिर इन दिनों चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मंदिर परिसर में 2851 मनोकामना ज्योति कलश और जवारे स्थापित किए गए हैं, जिनकी दिव्य रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय और आलोकित नजर आ रहा है।
मंदिर एनएच-44 फोरलेन के किनारे स्थित होने के कारण यहां दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। परिसर में हर ओर श्रद्धा, विश्वास और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु माता रानी के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं।
मंदिर के पुजारी शिव शुक्ला के अनुसार सभी कलशों और जवारों को विधि-विधान के साथ अलग-अलग स्थानों पर स्थापित किया गया है, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है।
जानकारी के अनुसार 26 मार्च को विशेष पूजा-अर्चना और 27 मार्च को हवन, पूजन, भंडारा एवं जवारों के विसर्जन के साथ नवरात्रि महोत्सव का समापन किया जाएगा।
यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में आस्था और विश्वास का जीवंत केंद्र बन चुका है, जहां हर दिन बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।













