
रंग पंचमी के उपरांत नगर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान, महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने संभाली व्यवस्था
खंडवा। रंग पंचमी के पावन पर्व पर शहर में आयोजित भव्य श्री दादाजी फाग यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मातृशक्ति एवं नगरवासी शामिल हुए। पूरे नगर में उत्साह, आस्था और उल्लास का वातावरण देखने को मिला। पर्व के समापन के उपरांत नगर की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव के मार्गदर्शन में नगर निगम की संपूर्ण टीम, स्वच्छता संरक्षक, सफाई कर्मचारी एवं अन्य अत्यावश्यक सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, समर्पण और तत्परता के साथ निर्वहन करते हुए फाग यात्रा मार्ग सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया।
त्योहार के उपरांत अल्प समय में ही सड़कों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर नगर को पुनः स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने का कार्य किया गया। यह कार्य नगर निगम के कर्मयोगी कर्मचारियों की सेवा भावना, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरणादायक उदाहरण है।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव

ने नगर निगम के सभी सफाई कर्मचारियों, स्वच्छता संरक्षकों एवं पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उन्होंने कहा कि हमारे स्वच्छता कर्मी हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं, जो वास्तव में सराहनीय है।
महापौर श्रीमती यादव ने कहा कि नगर निगम की यह टीम दिन-रात मेहनत कर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने का कार्य कर रही है। त्योहारों के दौरान भी इन कर्मयोगी साथियों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया है, जो नगर के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने समस्त नगरवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, स्वच्छता कर्मियों का सम्मान करें और अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हम सभी मिलकर स्वच्छता का संकल्प लें तो हमारा शहर निश्चित ही स्वच्छ, सुंदर और आदर्श नगर के रूप में स्थापित होगा।










