
सिवनी: कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात शराब तस्कर कमल मानाठाकुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नम्बर की सफेद बुलैरो वाहन सहित 339.28 लीटर अवैध शराब जप्त की है।
पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सचिन परते के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
दिनांक 08 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सफेद रंग की बुलैरो वाहन में अवैध शराब शहर में बिक्री के लिए लाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी ने पुलिस टीम गठित कर छिंदवाड़ा रोड स्थित द ग्रेड रॉयल होटल के सामने घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान छिंदवाड़ा की ओर से आ रही बिना नम्बर की सफेद बुलैरो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में 14 थैले और 11 कार्टून में कुल 339.28 लीटर अवैध शराब बरामद हुई।
आरोपी से नहीं मिले वैध दस्तावेज
वाहन चालक ने अपना नाम कमल मानाठाकुर (51 वर्ष) निवासी रेलवे क्रॉसिंग के पास, रानी दुर्गावती वार्ड सिवनी बताया। शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने बुलैरो वाहन और शराब को जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शराब कहां से लाई जा रही थी और किन स्थानों पर सप्लाई की जानी थी।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
पुलिस के अनुसार इससे पहले भी 24 जनवरी 2024 को कोतवाली पुलिस ने आरोपी कमल मानाठाकुर के कब्जे से 223.56 लीटर अवैध शराब बरामद कर कार्रवाई की थी। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट सहित कई मामले पहले से दर्ज हैं।
कुल जप्ती
प्लेन मदिरा – 180 लीटर
लाल मसाला – 72 लीटर
मैकडोवल्स रम – 43 लीटर
ऑफिसर च्वाइस व्हिस्की – 35.28 लीटर
जिनियस व्हिस्की – 9 लीटर
कुल शराब: 339.28 लीटर (कीमत लगभग ₹86,100)
बुलैरो वाहन: लगभग ₹3,00,000
कुल जप्ती कीमत: करीब ₹3,86,100
टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक दयाराम शरणागत, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश रघुवंशी सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













