ताज़ा ख़बरें

खंडवा – “बुजुर्ग नहीं, अनुभवों की खान” — गौरवपूर्ण

खास खबर

खंडवा – “बुजुर्ग नहीं, अनुभवों की खान” — गौरवपूर्ण

वृद्धावस्था अभियान में लगभग 300 वरिष्ठजनों का सम्मान समारोह संपन्न।

खंडवा। आनंद नगर स्थित भाग्योदय भवन में शुक्रवार को संध्या 4 बजे से ब्रह्मा कुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के तत्वावधान में गौरवपूर्ण वृद्धावस्था एवं सम्मानित जीवन अभियान के अंतर्गत वरिष्ठजन सम्मान समारोह का आयोजन श्रद्धा, सम्मान एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता उज्जैन से पधारी आदरणीय राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उषा दीदी जी ने की। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने समाज की वर्तमान स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “आज समाज की स्थिति ऐसी हो गई है कि एक कुआँ चार कुओं को तो संपन्न करता है, लेकिन समय आने पर चार कुएँ मिलकर भी एक कुएँ को संपन्न नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि आज के समय में अनेक वृद्धजन स्वयं को अकेला और उपेक्षित अनुभव करते हैं, जबकि उन्हें यह समझना चाहिए कि वे कभी अकेले नहीं हैं हजार भुजाओं वाले परमात्मा सदैव उनके साथ हैं। उषा दीदी जी ने विशेष रूप से कहा कि बुजुर्ग स्वयं को बुजुर्ग न समझें, बल्कि अनुभवों की खान समझें। अपने अनुभवों के खजाने से वे परिवार और समाज को निरंतर मार्गदर्शन देते रहें। उन्होंने आगे कहा कि जीवन की गुणवत्ता हमारी सोच पर निर्भर करती है, इसलिए आवश्यक है कि हम अपनी सोच को सकारात्मक बनाएं। सकारात्मक सोच के माध्यम से व्यक्ति स्वयं को खुश, संतुष्ट और ऊर्जावान रख सकता है। राजयोग मेडिटेशन के द्वारा हम अपनी सोच को अत्यंत शक्तिशाली, सकारात्मक एवं ऊर्जावान बना सकते हैं।

अपने वक्तव्य में उन्होंने संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका, 104 वर्षीय आदरणीय दादी जानकी जी का उदाहरण देते हुए बताया कि दादी जी सदा उमंग, उत्साह और ऊर्जा से परिपूर्ण रहती थीं। उन्होंने अपने आपको कभी वृद्ध नहीं समझा और अपने सकारात्मक दृष्टिकोण एवं आध्यात्मिक शक्ति से सभी को निरंतर प्रेरणा देती रहीं। सुरेंद्र ने बताया कि सुनील जैन ने बताया कि आयोजित कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में साहित्यकार भ्राता रघुवीर शर्मा जी,भ्राता रणवीर सिंह चावला, सिंधी समाज अध्यक्ष भ्राता मीठाराम पिंजरानी ,
लायन्स क्लब रोटी सेवा केंद्र के भ्राता गांधी प्रसाद गदले ,श्री दादाजी वृद्धाश्रम की संचालिका बहन अनिता सिंह,
खंडवा सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी शक्ति दीदी जी,तथा लक्ष्मीनारायण मंदिर के अध्यक्ष नरेंद्र गंगराड़े उपस्थित रहे। समारोह के दौरान लगभग 300 वरिष्ठजनों को सम्मान किया गया जिन्हे सम्मान स्वरूप तिलक, दुपट्टा, माला, पौधा, प्रेरणादायी स्लोगन एवं ईश्वरीय सौगात भेंट की गई,इसी गरिमामय कार्यक्रम की शुभवेला मे शिवजयंती महोत्सव के अवसर पर शिव ध्वजारोहण किया एवं सेवा केंद्र मे जनमानस के दर्शनार्थ भव्य शिवलिंग झांकी का भी अतिथिगणो द्वारा उद्घाटन किया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि
कार्यक्रम का मंच संचालन ब्रह्माकुमारी संतोष दीदी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया। कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी सुरेखा दीदी द्वारा राजयोग मेडिटेशन की अनुभूति कराई गई। समारोह का समापन राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास एवं आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।
सम्पूर्ण आयोजन अनुशासित, सौहार्दपूर्ण एवं आध्यात्मिक वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!