
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनी
—
खण्डवा//जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता प्रत्येक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से उनका निराकरण करवाते हैं। इसी क्रम में आज बड़गांव गुर्जर निवासी बलिराम ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसकी उम्र 89 वर्ष है। पिछले तीन-चार माह से उसे वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान नहीं हो रहा है, और ना ही राशन की दुकान से राशन मिल रहा है। जिस पर उन्होंने जिला आपूर्ति अधिकारी और सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारियों को बलिराम की समस्या के निराकरण के संबंध में निर्देश दिए। जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
जनसुनवाई में सनावद तहसील निवासी शंकर लाल पिता गोपाल ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि ग्राम इनपुन, जिला खंडवा में स्थित उसकी कृषि भूमि के ओंकारेश्वर सागर परियोजना के लिए अधिग्रहण के बावजूद मुआवजा राशि का भुगतान नही हुआ है। जिस पर उन्होंने अपर कलेक्टर श्री अरविंद चौहान को आवेदक की समस्या का परीक्षण कर विधिवत निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सहकारी संस्थाओं में कार्यरत कनिष्ठ संविदा विक्रेताओ ने आवेदन देकर अपनी समस्याओं के निराकरण के संबंध में कलेक्टर श्री गुप्ता से अनुरोध किया, जिस पर उन्होंने उपायुक्त सहकारिता को कनिष्ठ संविदा विक्रेताओं की समस्याओं के निराकरण के संबंध में निर्देश दिए।
जनसुनवाई में आवेदक श्री राधेश्याम ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर पुनासा एवं आसपास के क्षेत्र में शराब की अवैध बिक्री किए जाने की शिकायत की, जिस पर उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को मामले की जांच कर, दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।










