
खंडवा में कांग्रेस संगठन का विस्तार, विभिन्न ब्लॉकों में नए अध्यक्ष नियुक्त
बूथ स्तर तक मजबूती पर जोर, नई टीम को सौंपी गई जिम्मेदारी
खंडवा।/
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा किए गए संगठनात्मक विस्तार के तहत खंडवा जिले के विभिन्न ब्लॉकों में नए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। इस बदलाव से जिले में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय व मजबूत बनाने की कवायद तेज हो गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि जारी सूची के अनुसार मांधाता विधानसभा क्षेत्र में पुनासा से दिनेश पंवार, किल्लौद से गिरवर सिंह तथा ओंकारेश्वर उपब्लॉक से नादानसिंह सोलंकी को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है। हरसूद विधानसभा क्षेत्र में हरसूद से रघुवीर सिंह चौहान, खालवा से बसंत पंवार, सुंदरदेव गुलाई उपब्लॉक से चंपालाल पटेल और रोशनी उपब्लॉक से श्रीमती सरोज बघेल को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खंडवा विधानसभा क्षेत्र में खंडवा ग्रामीण से पवन पाटीदार, दक्षिण खंडवा शहर से विशाल जैन और उत्तर खंडवा शहर से इमरान गौरी को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं पंधाना विधानसभा क्षेत्र में पंधाना से संजीव पटेल, छैगांव माखन से जय पटेल तथा सिंगोट उपब्लॉक से कैदार पाटीदार को जिम्मेदारी दी गई है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण) उत्तमपाल सिंह एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।









