
विक्रमोत्सव के तहत “सूर्य उपासना” कार्यक्रम संपन्न

—
खण्डवा//संस्कृति विभाग मध्य प्रदेश शासन के निर्देश अनुसार नववर्ष गुड़ी पड़वा के अवसर पर गुरुवार को विक्रमोत्सव-2026 के अन्तर्गत स्थानीय किशोर कुमार सभागृह में #सूर्य_उपासना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर खंडवा की विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे, खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पिंकी सुदेश वानखेडे, नगर निगम के अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम में अतिथियों ने ब्रह्म ध्वज का वंदन किया। इस अवसर पर “नट निमाड़” कला समूह के श्री विजय सोनी द्वारा निर्देशित “सम्राट विक्रमादित्य” नाट्य का मंचन भी किया गया।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. विजय शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नववर्ष के अवसर पर “विक्रमोत्सव” कार्यक्रम के आयोजन का सराहनीय निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य की छवि एक सार्वभौमिक सम्राट की है। सम्राट विक्रमादित्य का शासन उनकी “न्यायप्रियता” के लिए याद किया जाता है। उन्होंने शक आक्रांताओं को पराजित कर “विक्रम संवत” का प्रारंभ किया था। “विक्रम संवत” भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण काल गणना तंत्र बन गया, जो कि आज भी प्रचलित है। उन्होंने इस अवसर पर बताया कि हरसूद एवं खालवा में 25-25 करोड रुपए लागत के दो ऑडिटोरियम स्वीकृत हुए हैं।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे ने उपस्थित नागरिकों को नववर्ष गुड़ी पड़वा की हार्दिक शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने भी संबोधित करते हुए उपस्थित नागरिकों को गुड़ी पड़वा एवं नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दी।







