
पंधाना विधायक श्रीमति छाया मोरे ने छैगांवमाखन में मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन को हरी झंडी दिखाकर शुभारम्भ किया
—
खण्डवा//धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के तहत विकासखण्ड छैगांवमाखन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन प्राप्त हुआ है। इस वाहन को पंधाना विधायक श्रीमति छाया मोरे ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छैगांवमाखन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधायक श्रीमति मोरे ने इस अवसर पर कहा कि विकासखण्ड को यह वाहन प्राप्त होने से स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार होगा तथा आसपास के गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ. पी. जुगतावत ने बताया कि मोबाइल मेडिकल यूनिट वाहन में चिकित्सक व पैरामेडिकल स्टॉफ की 5 सदस्यीय टीम उपलब्ध रहेगी, जो कि छै्गां
वमाखन क्षेत्र के 70 गांवों में पहुचंकर मरीजों की जांच व उपचार करेगी। मेडिकल वाहन में इलाज के उपकरण सहित 15 प्रकार की जांच रैपिड किट से होगी। वाहन के माध्यम से चिकित्सकीय परामर्श, दवा एवं जांच, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड पंजीयन, सिकल सेल व टीबी की जांच, मातृत्व स्वास्थ्य, गैर संचारी रोगों की जांच, मुख, स्तर व सर्वाइकल कैंसर, एनीमिया जांच व उपचार की सेवाएं निःशुल्क मिलेंगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री महेन्द्र सावनेर, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश सोनी सहित जनप्रतिनिधि व स्थानीय ग्रामीणजन भी उपस्थित थे।












