दीपावली के दिन मंदिरो में उमड़ा भक्तों का सैलाब।
दीपावली पर्व पर भक्तों ने सुहाग सामग्री, चुनरी, श्रीफल व कमल के फूल भेंट कर जलाए दीप।
खंडवा। दीपावली पर प्रात: से ही श्रद्धालुओं का तांता मंदिरों में लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शहर के लाल चौकी स्थित महालक्ष्मी मंदिर सहित सभी प्रमुख मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना कर दीप जलाए। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि बड़े धार्मिक उत्साह के साथ दीपावली महोत्सव चल रहा है मुख्य रूप से दीपावली के दिन एकमात्र महालक्ष्मी मंदिर में भी दीपावली पर्व पर भक्तों का सैलाब उमड़ा। मंदिर में धन की देवी का विशेष श्रंगार किया गया। दादाजी मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन किए एवं रात्रि में आयोजित आरती में भाग लिया। दादाजी धाम पर बड़े दादाजी छोटे दादा जी की वरसी के साथ ही गुरु पूर्णिमा, रामनवमी, जन्माष्टमी के साथ दीपावली पर विशेष आरती आयोजित होती है। दीपावली पर महालक्ष्मी मंदिर में दक्षिण भारतीय पद्धति से कौशांबी पूजा की गई। दक्षिण भारत से दीक्षा लेकर आए मंदिर के पुजारी ने इस पूजा को संपन्न कराया। इसके अलावा मंदिर में सहस्त्रलोचन एवं अभिषेक किया गया। दीपावली पर तड़के 5.30 बजे मंगला आरती, 6 बजे काकड़ा आरती से धार्मिक कार्यक्रमों की शुरूआत हुई। मंदिर के अध्यक्ष सुभाष खंडेलवाल ने बताया कि रात्रि 8.30 बजे महालक्ष्मी की आरती की गई इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर महालक्ष्मी माता की आरती के साथ नर्मदाष्टक का पाठ कर महालक्ष्मी माता को चुनरी, श्रीफल, कमल का फूल, सुहाग सामग्री सुख समृद्धि की कामना के साथ अर्पित की। इसके बाद दोपहर 12 बजे भोग आरती हुई। तीसरे चरण में शाम 7 बजे दीपदान संकल्प हुआ। रात्रि 8 बजे महाआरती और सहस्त्र दीपदान के साथ कोशांबा पूजा की गई।












