
पंधाना विधायक छाया मोरे ने तिरुपति में महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में भाग लिया
छाया मोरे ने महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाने की बात कही।
खंडवा। रविवार व
15 सितंबर सोमवार को तिरुपति में संसदीय एवं विधायी समितियों का पहला राष्ट्रीय सम्मेलन महिला सशक्तिकरण पर आयोजित हुआ। इस प्रभावशाली आयोजन में देशभर से मुख्यमंत्री और महामहिम राज्यपाल और विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की महिला सशक्तिकरण समितियों के अध्यक्ष व सदस्य शामिल हुए। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि पंधाना विधायक छाया मोरे ने इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में भाग लेकर महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। छाया मोरे महिला एवं बाल विकास की विधानसभा स्तरीय समिति की सदस्य भी हैं। उन्होंने सम्मेलन में महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने हेतु अनुभव आधारित सारगर्भित सुझाव प्रस्तुत किए। सम्मेलन के पहले दिन लोकसभा अध्यक्ष, राज्यसभा उपसभापति, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री, आंध्र प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई तथा स्मरणिका का विमोचन लोकसभा अध्यक्ष द्वारा किया गया। सम्मेलन में जेंडर रिस्पॉन्सिव बजटिंग व उभरती प्रौद्योगिकियों के तहत महिलाओं को सशक्त बनाने की रणनीति पर विशेष ध्यान दिया गया। विधायक छाया मोरे ने समान अवसरों की आवश्यकता पर बल देते हुए महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में राज्य और केंद्र स्तर पर ठोस कदम उठाने की बात कही। सुनील जैन ने बताया सम्मेलन के समापन सत्र में राज्यपाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और सभी गणमान्य अतिथियों ने श्रीकालहस्ती मंदिर में विशेष दर्शन किए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में क्षेत्रीय विविधता की झलक दिखाई गई तथा सभी अतिथियों के लिए भोज और सत्कार का आयोजन किया गया। यह राष्ट्रीय सम्मेलन महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पंधाना विधायक छाया मोरे का सम्मेलन में शामिल होना प्रदेश की महिलाओं के सशक्तिकरण को नई दिशा देने का संदेश बनकर उभरा।











