
*“पॉक्सो एक्ट बच्चों की सुरक्षा की मजबूत ढाल” – प्रवीण शर्मा*
रोहिणी विद्यालय में उमंग इमोशनल वेल-बिंग कार्यक्रम आयोजित।

खंडवा। उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रोहणी में उमंग इमोशनल वेल-बिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम में न्यायपीठ बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे, वहीं प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन पावन अरोड़ा विशेष अतिथि रहीं। मुख्य वक्ता प्रवीण शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किशोरावस्था में भावनात्मक उतार-चढ़ाव स्वाभाविक हैं, लेकिन उन्हें सकारात्मक दिशा में ले जाने के लिए आत्म-अनुशासन, संतुलन और सजगता बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए ग्राम रोहिणी का विशेष उल्लेख किया और कहा कि यह अधिनियम बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए एक मजबूत ढाल है। उन्होंने आगे कहा कि मोबाइल और गैजेट्स का अति-उपयोग विद्यार्थियों को भावनात्मक रूप से कमजोर कर रहा है, इसलिए इसका संयमित प्रयोग करना चाहिए। विशेष अतिथि बहन पावन अरोड़ा ने विद्यार्थियों को ध्यान साधना और सकारात्मक सोच के माध्यम से मानसिक शांति एवं आत्मविश्वास विकसित करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आंतरिक शक्ति के विकास से किशोरावस्था की चुनौतियों को सहजता से पार किया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना और उनके समग्र विकास की ओर प्रेरित करना रहा। सुनील जैन ने बताया कि कार्यक्रम का संचालन यादव सर ने किया तथा समापन सत्र में विद्यालय प्राचार्य मधुसूदन शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।






