
*70+ आयु वर्ग के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु 18,000 का लक्ष्य – 15 दिवस में पूरा करने के निर्देश*

खण्डवा// नगर निगम खंडवा सभागृह में नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के आयुष्मान कार्ड शीघ्रता से बनाए जाने के लक्ष्य पर चर्चा करना था। नगर क्षेत्र में लगभग 18,000 बुजुर्ग नागरिक ऐसे हैं जिनका आयुष्मान कार्ड बनना शेष है।
बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत एवं डॉ. रश्मि कोशल द्वारा की गई। बैठक में प्रभारी राजस्व अधिकारी श्री प्रकाश राजपूत, योजना प्रभारी श्री नवनीत शुक्ला, निगम ऑपरेटर, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।
आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 70+ आयु वर्ग के बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड 15 दिवस की समय-सीमा में बनाए जाएं। इस हेतु आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर कार्ड बनाने की जिम्मेदारी दी गई। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि जो व्यक्ति दिवंगत हो चुके हैं उनकी अलग सूची तैयार की जाए, ताकि शेष लक्षित संख्या को सटीकता के साथ पूरा किया जा सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी आशा कार्यकर्ता एवं निगम ऑपरेटर मिलकर एक व्यापक “डोर-टू-डोर अभियान” चलाएँगे, जिससे कोई भी पात्र बुजुर्ग आयुष्मान कार्ड से वंचित न रहे। नये अभियान की शुरुआत के साथ ही आज एक प्रेरक उदाहरण सामने आया, जब 95 वर्षीय वृद्ध महिला शांतिबाई का आयुष्मान कार्ड उनकी निवास पर जाकर बनाया गया।
आयुक्त ने कहा कि यह कार्य समाज के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। आयुष्मान कार्ड उनके स्वास्थ्य सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने सभी कर्मियों से अपील की कि लक्षित 18,000 कार्ड 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर बुजुर्गों को इसका लाभ पहुँचाया जाए।
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने इस अभियान को लेकर अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र बुजुर्ग छूटना नहीं चाहिए।












