
*4 सितम्बर जन्माष्टमी पर आनंद परिसर में होगा भव्य आयोजन*
खंडवा। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर इस्कॉन (अंतर्राष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ) द्वारा 4 सितंबर को आनंद परिसर में शाम 7 बजे से भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया जायेगा।
*भगवान श्रीकृष्ण का होगा पुष्प अभिषेक*
राष्ट्रीय सिंधी समाज प्रदेश प्रवक्ता निर्मल मंगवानी के अनुसार कार्यक्रम में हरिनाम संकीर्तन, श्रीकृष्ण कथा एवं आध्यात्मिक प्रवचन, भक्तिमय नृत्य और विशेष नाट्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण का अभिषेक एवं पुष्प अभिषेक किया जाएगा।
*किये जाएगे छप्पन भोग अर्पित*
जन्माष्टमी के विशेष अवसर पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। भारतीय वैदिक परंपरा में छप्पन भोग भगवान श्रीकृष्ण को प्रेम और श्रद्धा से अर्पित किए जाने वाले विविध प्रकार के व्यंजनों का विशेष प्रसाद है। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था रहेगी। आयोजकों ने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भक्तिमय वातावरण में मनाने का आग्रह किया है।








