
कलेक्टर श्री गुप्ता ने मीटिंग में अधिकारियों को दिए निर्देश , सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण ढंग से निराकरण करें
—
खण्डवा//सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण ढंग से त्वरित निराकरण करवाएं । सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के मामले में अपने अधीनस्थ कर्मचारियों पर कोई भी कार्य न छोड़ें, बल्कि स्वयं ही इसे देखें । यह निर्देश कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में उपस्थित अधिकारियों को दिए । उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण की पात्रता सूची से अपात्र लोगों के नाम काटे जाएं, केवल पात्र लोगों को ही खाद्यान्न वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर श्री के आर बडोले, एसडीएम पुनासा श्री शिवम प्रजापति, सहायक कलेक्टर डॉ. श्री कृष्णा सुशीर, संयुक्त कलेक्टर श्री रमेश खतेड़िया सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे ।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरते जाने पर नाराजगी प्रकट की, और मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं सिविल सर्जन को शिकायतों के निराकरण की गति बढ़ाने तथा गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने कार्यालय में ई- ऑफिस सिस्टम के माध्यम से ही फाइल भेजें।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी और सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं की भर्ती की लंबित प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण कर अनंतिम सूची जारी कराएं। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि फॉर्मर रजिस्ट्री संबंधी कार्य की गति बढ़ाएं, और राजस्व प्रकरणों का शीघ्रता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए । कलेक्टर श्री गुप्ता ने अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी द्वारा सीएम हेल्पलाइन संबंधी आवेदनों का निराकरण समय पर न किए जाने पर नाराजगी प्रकट की तथा उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने खंडवा शहर में प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों पर लगे प्रतिबंध को ध्यान में रखते हुए मिट्टी की मूर्तियों की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति करने तथा उनके विक्रय की व्यवस्था के संबंध में भी उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने संबल योजना के सभी हितग्राहियों के ई-केवाईसी की लंबित कार्यवाही को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश भी श्रम विभाग के अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने मिशन अमृत संचय के तहत जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्र में स्थित प्रत्येक मकान की पक्की छत पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के संबंध में भी सभी एसडीएम तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत हितग्राहियों को समय पर भुगतान करने के संबंध में भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कार्य में गति लाने के लिए भी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए।












