
आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस ने किया ग्राम टिटगांव में जनसंवाद

खंडवा। आगामी त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए खंडवा पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद एवं भ्रमण कर लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेंद्र तारणेकर, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव बारंगे, थाना प्रभारी मोघट रोड श्री विकास खींची सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने थाना मोघट रोड क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया।
इस दौरान ग्राम टिटगांव में जनसंवाद आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम सरपंच, मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि, ग्राम रक्षा समिति के सदस्य सहित दोनों समुदायों के ग्रामीण उपस्थित रहे।
जनसंवाद में आगामी ईद मिलाद-उन-नबी, वाल्मीकि जयंती, जन्माष्टमी सहित अन्य त्योहारों को लेकर निकलने वाले जुलूस, बैनर एवं डीजे आदि के संबंध में आवश्यक समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे एवं सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
साथ ही पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट, टिप्पणी एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित न करने की समझाइश देते हुए सभी से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया।
जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने भी पुलिस प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।













