
*एडिटर/संपादक:-तनीश गुप्ता,खण्डवा✍️
*पार्श्व गायक जाली मुखर्जी होंगे किशोर गौरव सम्मान 2025 से सम्मानित*
*किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच की 4 अगस्त किशोर नाईट में होगा सम्मान।*

खण्डवा।किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा लिए गए निर्णय अनुसार किशोर गौरव सम्मान 2025 के लिए इस वर्ष पार्श्व गायक जाली मुखर्जी का चयन किया गया। मंच के प्रवक्ता सुनील जैन व सचिव नारायण बाहेती ने बताया कि किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा जिला प्रशासन व नगरपालिक निगम खण्डवा के सहयोग से किशोर दा के जन्मदिन 4 अगस्त पर पुरानी अनाज मंडी में आयोजित किशोर नाईट में यह महत्वपूर्ण सम्मान बंसल परिवार के सहयोग से दिया जाएगा।किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच खण्डवा द्वारा गायन के क्षेत्र में योगदान हेतु गायक के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान के लिए किशोर गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाता है। शासन द्वारा 4 अगस्त को खण्डवा गौरव दिवस घोषित किये जाने पर किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा यह सम्मान प्रारम्भ किया गया था। शासन द्वारा 13 अक्टूबर को राष्ट्रीय किशोर कुमार अलंकरण समारोह में गायन की विधा को छोड़कर यह सम्मान दिया जाता है ।इसलिये किशोर गौरव सम्मान सिर्फ गायन के क्षेत्र में ही दिया जाएगा।साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि जिस विभूति का चयन इस सम्मान के लिए होगा उसे किशोर दा की जन्मभूमि खण्डवा में यह सम्मान लेने आना होगा।साथ ही गायन की कुछ प्रस्तुति भी देना होगी। गत वर्ष यह सम्मान मिलनसिंह को दिया गया था।इस वर्ष किशोर गौरव सम्मान प्राप्त करने वाले पार्श्व गायक जाली मुखर्जी ने गायन के क्षेत्र में अनेको फिल्मों में अपने गायन की प्रस्तुति दी है।4 अगस्त शाम 6 – 30 से पुरानी अनाजमंडी में आयोजित किशोर नाईट में पार्श्व गायिका अमृता देवेलकर,वाईस ऑफ किशोर गायक हिम्मत कुमार पंड्या,आर्टिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष गायक उमेश कुमार गायकवाड़ रॉक स्टार म्युजिकल इंटरटेनमेंट बैंड मुंबई के साथ गीतों की प्रस्तुति देंगे। किशोर नाईट में एंकरिंग प्रसिद्ध उदघोषक प्रदीप जैन करेंगे।किशोर नाईट के गरिमामय आयोजन में पार्श्व गायक जाली मुखर्जी को सम्मान पट्टिका व 1 लाख रुपये की राशि से सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष यह पुरस्कार बंसल परिवार द्वारा दिया जा रहा है। बंसल परिवार की उपस्थिति में यह सम्मान दिया जाएगा। किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच द्वारा मुख्य प्रायोजक बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से आयोजित वाईस ऑफ खण्डवा तीन ग्रुपो में की जावेगी। इस वर्ष सभी ग्रुपों में पुरुस्कार की राशि भी बड़ाई गई हैं। वाईस ऑफ खण्डवा गायन प्रतियोगिता में भारत के किसी भी प्रान्त का प्रतियोगी भाग ले सकेगा। सब जूनियर ग्रुप सी 13 वर्ष तक आयु व जूनियर ग्रुप बी 13 से 19 वर्ष आयु वर्ग प्रतियोगिता का ऑडिशन 27 जुलाई को प्रातः 10 बजे से व सीनियर ग्रुप ए 19 वर्ष से अधिक आयु वर्ग का ऑडिशन 28 जुलाई को प्रातः 10 बजे से गौरीकुंज सभागृह में होगा।किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच अध्यक्ष रणवीर सिंह चावला उपाध्यक्ष सुनील सकरगाये,आशीष चटकेले व गुरमीतसिंह उबेजा ,सचिव नारायण बाहेती, कोषाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता ,प्रवक्ता सुनील जैन ने संगीतप्रेमियों,लायन्स, रोटरी जेसीआई ,चेम्बर ऑफ कॉमर्स व सभी सामाजिक संस्थाओं से वाईस ऑफ खण्डवा प्रतियोगिता,किशोर नाईट व खण्डवा गौरव दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में पधारने की अपील की।












