
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट


कटनी ग्राम पंचायत रीठी में सरपंच की मनमानी से आमजन त्रस्त हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार पंचायत द्वारा वर्षों पुरानी दुकानों को तोड़कर वहां पर नई दुकानों का निर्माण किया गया। इन दुकानों को कुछ लोगों को 5,0000 रुपये की पगड़ी राशि लेकर दिया गया, वहीं कुछ अन्य लोगों को बिना किसी राशि के ही दुकानें दे दी गईं।

इस भेदभावपूर्ण कार्यवाही का सबसे बड़ा शिकार ग्राम रीठी निवासी मोहम्मद आसिफ हुए हैं, जिनकी वर्षों पुरानी दुकान को तोड़कर पंचायत द्वारा उन्हें नई दुकान तो दी गई, लेकिन अब उनकी दुकान के ठीक सामने नया निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस निर्माण के चलते उनकी दुकान पूरी तरह ढक जाएगी, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित होगा और रोज़गार का एकमात्र साधन बंद हो जाएगा।
आसिफ ने इस अन्याय के खिलाफ तहसीलदार महोदय से शिकायत करनी चाही, परंतु तहसीलदार ने उनका शिकायत पत्र तक लेने से इनकार कर दिया। इसके पश्चात उन्होंने 12 जून 2025 को कलेक्टर महोदय एवं जिला पंचायत सीईओ कार्यालय जाकर शिकायत करने का प्रयास किया, परंतु वहां अधिकारी नहीं मिले। अंततः उन्होंने अपनी शिकायत ‘आवक-जावक’ शाखा के माध्यम से दर्ज करवाई।
आश्चर्यजनक रूप से आज (13 जून 2025) पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे यह प्रतीत होता है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को नजरअंदाज कर रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और मोहम्मद आसिफ की रोज़ी-रोटी को बचाया जाए। यदि प्रशासन जल्द हस्तक्षेप नहीं करता है तो यह मामला और अधिक गंभीर हो सकता है। जिसका खामयाजा आसिफ को बेरोजगारी तरफ ले जाएगा पीड़ित ने सभी अधिकारियों से मदद की गुहार लेकिन प्रशासन से कोई मदद नहीं मिल पा रही जबकि मौके पर जाकर अधिकारियों को जांच करनी चाहिए
—










