
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट

कटनी – व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत आत्मनिर्भर स्वावलंबी एवं स्वरोजगार स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में परियोजना कार्य हेतु श्याम श्री गौशाला एवं जैविक कृषि फार्म तेवरी का शैक्षणिक भ्रमण प्राचार्य डॉ. सुनील बाजपेई के मार्गदर्शन में जैविक कृषि विशेषज्ञ रामसुख दुबे द्वारा बीएससी बायोटेक के विद्यार्थियों को कराया गया।

शासन के निरंतर प्रयास से जैविक खेती को गति प्रदान करने, कृषि को लाभ का धंधा बनाने एवं कम लागत तकनीकी जीरो बजट फार्मिंग के अंतर्गत गोबर गोमूत्र का जैविक खेती में उपयोग, केंचुआ खाद निर्माण की सामान्य एवं चार गड्ढा विधि तथा वर्मी वाश निर्माण एवं फसलों में उनके उपयोग प्रकाश खाद एवं ईंधन प्रयोग के लिए बायोगैस संयंत्र जैविक खाद का फसल में उपयोग का अवलोकन कराया गया। कृषक पवन कुमार पांडे द्वारा गौशाला प्रबंधन गोमूत्र एकत्रित करने का तरीका गायों की विभिन्न नस्ल गिर साहिवाल, हरियाणा, गंगा तीर आदि का अवलोकन तथा दुग्ध उत्पादन की जानकारी दी गई। साथ ही संतुलित पशु आहार, चारा, विभिन्न रोग उनके नियंत्रण तथा टीकाकरण की जानकारी भी दी गई। जैविक उड़द, मूंग तथा सब्जियों का अवलोकन कराया गया। इस दौरान कॉलेज के विद्यार्थी एवं फार्म के कर्मचारी श्री तिवारी तथा दीपक मिश्रा आदि उपस्थित रहे।










