झाबुआ, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर के महाविद्यालय खेल मैदान में गुड मॉर्निंग क्लब के महिला एवं पुरुष इकाई के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 6:00 बजे किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्लब सदस्य उपस्थित रहे।
योगाभ्यास का संचालन योग गुरु योगेंद्र चौहान और कुमारी नंदिता कृष्णे के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास करवाते हुए योग करने की सही विधि तथा उसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत एवं जीवन संतुलित रहता है।
इस अवसर पर गुड मॉर्निंग क्लब के पुरुष इकाई अध्यक्ष श्री महेंद्र शर्मा द्वारा सभी सदस्यों के लिए विशेष टी-शर्ट की व्यवस्था की गई थी, जिन्हें पहनकर सदस्यों ने एकरूपता एवं उत्साह के साथ योगाभ्यास किया। योग सत्र के पश्चात अध्यक्ष द्वारा सभी के लिए स्वल्पाहार की भी व्यवस्था की गई।
योग गुरु कुमारी नंदिता कृष्ण ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। नियमित योग करने से शारीरिक शक्ति, लचीलापन एवं रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। योग तनाव, चिंता एवं अवसाद को कम करने में सहायक है तथा हृदय, फेफड़ों और पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही योग एकाग्रता, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों ने संकल्प लिया कि वे प्रतिदिन प्रातः महाविद्यालय खेल मैदान में उपस्थित होकर नियमित योगाभ्यास करेंगे तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए अन्य लोगों को भी प्रेरित करेंगे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन और सामूहिक सहभागिता का प्रेरणादायक संदेश दिया।