
रिपोर्टर = भव्य जैन
झाबुआ। दिलीपसिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय, झाबुआ में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर के मार्गदर्शन में आयोजित तीन दिवसीय दीक्षारंभ समारोह के दूसरे दिन नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए भव्य मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों एवं नवीन संशोधनों की जानकारी डॉ. राकेश बघेल ने सरल एवं प्रभावी ढंग से दी। प्रवेश प्रभारी प्रो. संजय खांडेकर ने विद्यार्थियों को विषय परिवर्तन की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो. पी. के. उछावर ने महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद संबंधी उपलब्धियों की जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार परसेन्डिया ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक वातावरण में अनुशासित रहकर महाविद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कछुए की पीठ उसकी ढाल होती है, उसी प्रकार अनुशासन विद्यार्थियों को गलत संगति और दिशाहीनता से बचाकर उनकी सुरक्षा करता है तथा सफलता की ओर अग्रसर करता है।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रगति मिमरोट ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रो. भाभर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित रहे।











