


मां त्रिपुरा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, झाबुआ में विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए निःशुल्क लर्निंग लाइसेंस निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पात्र आवेदकों के ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें लर्निंग लाइसेंस बनवाने में सहयोग प्रदान किया गया।
यह शिविर कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट एवं जिला परिवहन अधिकारी कृतिका नामदेव के निर्देशन में आयोजित किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा अधिक से अधिक नागरिकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए प्रेरित करना रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भाग लेकर निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाया। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा के महत्व पर भी जानकारी दी गई और सभी प्रतिभागियों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन चलाने का संकल्प लेने का आग्रह किया गया।
कॉलेज प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के जनहितकारी शिविर भविष्य में भी आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को शासन की सुविधाओं का लाभ मिल सके।









