
*जिला निगरानी समिति ने किया बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण*
खंडवा। बाल संप्रेक्षण गृह की व्यवस्थाओं एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिला निगरानी समिति द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर आर. डी. बड़ोले एवं बाल कल्याण समिति खंडवा के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने संयुक्त रूप से बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षण अधिकारी टीका सिंह बिल्लौरे भी उपस्थित रहे। बाल संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक द्वारा समिति के सदस्यों को संस्थान की विभिन्न व्यवस्थाओं, बच्चों के आवास, भोजन, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई और परिसर का निरीक्षण कराया गया।
समिति के सदस्यों ने बच्चों के रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, भोजन व्यवस्था तथा अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया और आवश्यक निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान यह भी देखा गया कि बच्चों को सुधारात्मक वातावरण प्रदान किया जाए तथा उन्हें शिक्षा और परामर्श के माध्यम से मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास निरंतर जारी रहें।
अपर कलेक्टर आर. डी. बड़ोले एवं बाल कल्याण समिति अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने संस्थान के अधिकारियों से कहा कि बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें सुरक्षित, अनुशासित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।













