
मीडिया लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ, हमारी कमियां भी बताइए और सुधार का रास्ता भी सुझाइए : विधायक छाया मोरे।

मीडिया संवाद में 50 से अधिक पत्रकारों से हुई खुली चर्चा, पंधाना विधानसभा के ढाई वर्षों के विकास कार्यों का प्रस्तुत किया विस्तृत रिपोर्ट कार्ड।
हाईकोर्ट खंडपीठ को इंदौर से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास।
सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, न्यायिक सुविधाओं और भविष्य के विकास विजन पर हुई सार्थक चर्चा।
खंडवा। लोकतंत्र में मीडिया केवल खबरों का माध्यम नहीं, बल्कि जनभावनाओं का सबसे सशक्त प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शक भी है। विकास तभी सार्थक होता है, जब उसकी समीक्षा निष्पक्ष हो और कमियों की ओर भी समय पर ध्यान आकर्षित किया जाए। इसी सोच के साथ पंधाना विधायक एवं मध्यप्रदेश भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता छाया मोरे ने शनिवार को इंदौर रोड स्थित एक निजी होटल में जिले के पत्रकारों के साथ विस्तृत मीडिया संवाद किया। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि आयोजित पत्रकार संवाद कार्यक्रम में करीब दो घंटे तक चले इस संवाद में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया के विभिन्न संस्थानों से जुड़े 50 से अधिक वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम किसी औपचारिक प्रेस वार्ता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह विकास, जनसरोकार और प्रशासनिक सुधारों पर खुली एवं सकारात्मक चर्चा का मंच बना। पत्रकारों ने क्षेत्र से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दे रखे, जिन पर विधायक छाया मोरे ने विस्तार से अपनी बात रखी तथा सभी सुझावों को गंभीरता से लागू करने का भरोसा दिलाया।
“सिर्फ प्रशंसा नहीं, हमारी कमियां भी बताइए”
मीडिया संवाद के दौरान विधायक श्रीमती छाया मोरे ने कहा कि जनप्रतिनिधि तभी सफल माना जा सकता है जब वह आलोचना सुनने का साहस रखे। उन्होंने पत्रकारों से स्पष्ट शब्दों में कहा—
“यदि कहीं कोई कमी रह गई है तो उसे भी खुलकर बताइए। केवल कमियां बताना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि यह भी सुझाव दीजिए कि उनका समाधान किस प्रकार किया जा सकता है। मीडिया समाज की आंख और कान है। आपकी सकारात्मक आलोचना और सुझाव हमें बेहतर जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।”
उन्होंने कहा कि जनता और सरकार के बीच मीडिया सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। पत्रकार समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाते हैं और उन्हीं के माध्यम से जनप्रतिनिधियों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने का अवसर मिलता है।
विकास को लेकर पत्रकारों से मांगे सुझाव
विधायक श्रीमती मोरे ने पत्रकारों से जिले और पंधाना विधानसभा के समग्र विकास के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने कहा कि विकास किसी एक व्यक्ति या संस्था का कार्य नहीं बल्कि सामूहिक प्रयासों का परिणाम होता है। यदि समाज, मीडिया, प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करें तो विकास की गति कई गुना बढ़ सकती है।
पत्रकारों ने सड़क निर्माण, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, नगर विकास, रोजगार, कृषि, कानून व्यवस्था, ग्रामीण विकास तथा प्रशासनिक व्यवस्था सहित अनेक विषयों पर अपने सुझाव रखे। विधायक ने सभी सुझावों को सकारात्मक बताते हुए कहा कि उन्हें संबंधित विभागों तक पहुंचाकर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा।
ढाई वर्षों के विकास कार्यों का रखा विस्तृत लेखा-जोखा
संवाद के दौरान विधायक श्रीमती छाया मोरे ने पंधाना विधानसभा में पिछले ढाई वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी किया।
उन्होंने बताया कि विधायक निधि, विशेष निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य शासकीय योजनाओं के माध्यम से 450 से अधिक विकास कार्यों के लिए लगभग 199 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत हुई है। इन कार्यों का लाभ विधानसभा के ग्रामीण एवं नगरीय दोनों क्षेत्रों को मिल रहा है।
भाम मध्यम सिंचाई परियोजना बनी किसानों के लिए वरदान
विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 301.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भाम मध्यम सिंचाई परियोजना का लोकार्पण किया गया है। इस परियोजना से हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
सड़क निर्माण को मिली सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित अनेक महत्वपूर्ण सड़कों का निर्माण प्रारंभ हुआ है। इनमें पंधाना-डुल्हार-खंडवा मार्ग, पंधाना-राजगढ़, पंधाना-कालंका, पंधाना-शाहपुरा, चिचगोहन-खेरदा, सिंगोट-मोरदड़-भीलखेड़ी-शिवल, पिपलोद-हीरापुर तथा भोजाखेड़ी-छिरवेल-
खरगोन सीमा मार्ग प्रमुख हैं।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 46 नई सड़कें, 18 सड़क मेंटेनेंस कार्य, अनेक पुल-पुलिया एवं अन्य सड़क उन्नयन परियोजनाएं स्वीकृत होकर प्रगति पर हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिला नया विस्तार
उन्होंने बताया कि पंधाना में लगभग 11 करोड़ रुपये की लागत से 50 बिस्तरों वाला आधुनिक सिविल अस्पताल तैयार हो रहा है। वहीं सिंगोट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को 30 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नत किया गया है।
इसके अतिरिक्त कई नए उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पोस्टमार्टम भवनों का निर्माण एवं मरम्मत कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। भविष्य में प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर नियमित चिकित्सक एवं उनके आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर विकास और रोजगार पर विशेष फोकस
नगर परिषद क्षेत्र में आधुनिक दो मंजिला बस स्टैंड, 87 दुकानों का निर्माण, सीसी सड़कें, मुक्तिधाम एवं तालाब सौंदर्यीकरण, हॉकर्स जोन सहित अनेक विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषित प्याज आधारित औद्योगिक क्लस्टर से क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग विकसित होंगे, किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।
शिक्षा और छात्रावासों का विस्तार
विधायक ने बताया कि क्षेत्र में नवीन शैक्षणिक संस्थानों, छात्रावासों एवं विद्यालय भवनों के निर्माण पर भी विशेष कार्य हो रहा है। पंधाना में 450 सीटर माता शबरी आदिवासी बालिका छात्रावास, छैगांवमाखन में 50 सीटर आदिवासी बालक छात्रावास, सांदीपनी विद्यालय सहित अनेक शैक्षणिक परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
हाईकोर्ट खंडपीठ को इंदौर से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास
विधायक श्रीमती मोरे ने बताया कि खंडवा एवं बुरहानपुर जिले को जबलपुर के स्थान पर इंदौर हाईकोर्ट खंडपीठ से जोड़ने की मांग को उन्होंने विधानसभा से लेकर राज्यपाल एवं राष्ट्रपति स्तर तक उठाया है। ओंकारेश्वर प्रवास के दौरान राष्ट्रपति से भी इस विषय पर व्यक्तिगत अनुरोध किया गया था। उन्होंने कहा कि यदि यह मांग पूरी होती है तो दोनों जिलों के लाखों लोगों को न्यायिक प्रक्रिया में बड़ी सुविधा मिलेगी।
आने वाले वर्षों का विकास विजन
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल विकास कार्यों का लोकार्पण करना नहीं बल्कि पंधाना को प्रदेश के विकसित विधानसभा क्षेत्रों में शामिल करना है। इसके लिए प्रत्येक खेत तक सिंचाई का पानी, हर गांव तक शुद्ध पेयजल, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं, रोजगार आधारित उद्योग, नए आईटीआई संस्थान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और शासन की योजनाओं का अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि मीडिया संवाद के अंत में विधायक ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे संवाद नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि जनहित के मुद्दों पर निरंतर विचार-विमर्श होता रहे और विकास की गति को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। पत्रकार संवाद कार्यक्रम में पंधाना विधायक छाया मोरे के साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट श्याम गंगराड़े, धर्मेंद्र बजाज, प्रवक्ता सुनील जैन, सुखदेव पटेल, भारत पटेल, राजपाल सिंह राठौड़, सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।







