ताज़ा ख़बरें

नवजात के जन्म के पहले घंटे में स्तनपान अवश्य कराएं – विधायक कंचन मुकेश तनवे

खास खबर

नवजात के जन्म के पहले घंटे में स्तनपान अवश्य कराएं – विधायक कंचन मुकेश तनवे
खंडवा, 1 अगस्त। विश्व स्तनपान सप्ताह (1 से 7 अगस्त) के अवसर पर जिला चिकित्सालय खंडवा में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने सहभागिता कर माताओं एवं उनके परिजनों को स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक किया। रोगी कल्याण समिति के सदस्य सतनाम सिंह होरा ने बताया कि इस अवसर पर विधायक तनवे ने कहा कि नवजात शिशु के जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान कराना उसके जीवन की सबसे महत्वपूर्ण शुरुआत है। माँ का पहला पीला गाढ़ा दूध (कोलोस्ट्रम) शिशु के लिए प्राकृतिक सुरक्षा कवच का कार्य करता है, जो उसे अनेक बीमारियों से बचाने के साथ-साथ उसके शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी माताओं से आग्रह किया कि वे जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान अवश्य कराएं तथा पहले छह माह तक केवल माँ का दूध ही दें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ माँ और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज की नींव हैं। सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्तनपान के वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी देते हुए माताओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया। विधायक तनवे ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!