
हांडी कुंडी रेस्क्यू में सहयोग के लिए बोहरा समाज ने विधायक कंचन मुकेश तनवे एवं विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे का किया सम्मान
खंडवा। विगत दिवस लगातार हो रही तेज बारिश के दौरान हांडी कुंडी पिकनिक स्पॉट पर बोहरा समाज के तीन-चार लोग नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण टापू पर फंस गए थे। सूचना मिलते ही खंडवा विधायक प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश तनवे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और देर रात तक मौके पर डटे रहकर जिला प्रशासन एवं रेस्क्यू टीम के साथ समन्वय करते हुए सभी फंसे लोगों को सकुशल बाहर निकलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस मानवीय सेवा और त्वरित सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करने हेतु बोहरा समाज के वरिष्ठजन एवं युवाओं ने खंडवा की लोकप्रिय विधायक कंचन मुकेश तनवे एवं विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे के निवास पहुंचकर उनका पुष्पहार, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया तथा पूरे समाज की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विधायक कंचन मुकेश तनवे एवं विधायक प्रतिनिधि मुकेश तनवे ने कहा कि जनसेवा ही उनका सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने कहा कि संकट की हर घड़ी में वे क्षेत्र की जनता के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा, “जहां भी हमारी आवश्यकता होगी, हम पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ सेवा के लिए उपस्थित रहेंगे। ईश्वर की कृपा और प्रशासन के सहयोग से आज एक परिवार को नया जीवन मिला, यही हमारे लिए सबसे बड़ा संतोष और प्रेरणा है।”
बोहरा समाज के प्रतिनिधियों ने इस कठिन समय में दिखाई गई संवेदनशीलता, त्वरित निर्णय क्षमता एवं मानवीय सेवा lभावना की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधि समाज के लिए विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक होते हैं। इस सफ़लता के आभार प्रकट करने हेतु बोहरा समाज के वरिष्ठ सदस्य जूजर भाई, केजार भाई, अजीज भाई, कादिर भाई, हकीम भाई, यूसुफ भाई, फिरोज भाई, एवं अन्य सदस्यों तथा खुद विक्टिम हाजेफा भाई ने शाल श्रीफल से आभार प्रकट किया।







