रामेश्वर कुंड पर होगा विराट दीपयज्ञ व पंचकुंडीय महायज्ञ
खंडवा। अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के सानिध्य में रामेश्वर कुंड, खंडवा में विराट दीपयज्ञ, दंपत्ति शिविर एवं पंचकुंडीय यज्ञ संस्कार महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन गायत्री माता जन्म शताब्दी वर्ष 2026 एवं नववर्ष के पावन अवसर पर महाकाल मंडल गायत्री परिवार खंडवा द्वारा किया जा रहा है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि आयोजकों के अनुसार यह पवित्र आयोजन उस ऐतिहासिक स्थल पर हो रहा है, जहां युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा मां गायत्री की स्थापना की गई थी। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में संस्कारों का जागरण, आध्यात्मिक उन्नयन एवं मानव में देवत्व का विकास करना है। यज्ञ को सनातन परंपरा में लोक कल्याण एवं आत्मिक शुद्धि का श्रेष्ठ माध्यम माना गया है।
कार्यक्रम की शुरुआत 2 जनवरी 2026, शुक्रवार को प्रातः 9 बजे कलश यात्रा से होगी। इसी दिन सायं 7:30 बजे विराट दीपयज्ञ एवं दंपत्ति शिविर आयोजित किया जाएगा। 3 जनवरी 2026, शनिवार को प्रातः 9 बजे पंचकुंडीय महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव संपन्न होगा, जिसके पश्चात दोपहर 1 बजे प्रसादी वितरण किया जाएगा। गायत्री परिजन के देव भावसार ने बताया की कार्यक्रम में प्रवचन डॉ. मधुसूदन जी गीते (बाबूजी) द्वारा दिए जाएंगे। मुख्य अतिथि के रूप में खंडवा की महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव उपस्थित रहेंगी। विशेष अतिथि के रूप में गायत्री शक्तिपीठ खंडवा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।
महाकाल मंडल एवं समस्त गायत्री परिवार खंडवा ने नगरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित उपस्थित होकर यज्ञ में आहुति देकर नववर्ष को आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ आरंभ करें।
2,515 1 minute read











