
कलेक्टर श्री गुप्ता ने दिए निर्देश “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत नागरिकों से घर-घर जाकर लें आवेदन
—
खण्डवा//सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिये प्रदेश में इन दिनों #संकल्प_से_समाधान अभियान जारी है। कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में शिविर लगाकर एवं नागरिकों से घर घर जाकर सम्पर्क कर आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आयोजित शिविरों में अभी तक जिले में कुल 20 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें से 4 हजार से अधिक का निराकरण भी किया जा चुका है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के द्वितीय चरण में आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवेदन संकलन की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए हैं कि जिन ग्राम पंचायतों के शिविरों में आवेदन कम आए हैं, वहां पंचायत सचिव व ग्राम रोजगार सहायक घर घर जाकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त करें व प्राप्त आवेदन की जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें।












