
विद्यालय के विद्यार्थी सार्थक का राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता हेतु चयन
खंडवा। जिले में हर विधा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, इन प्रतिभाओं को यदि श्रेष्ठ मंच मिल जाता है तो यह प्रतिभाएं अपने हुनर का परिचय देते हुए खंडवा का नाम रोशन करती हैं। हर्ष का विषय है कि सांदीपनि विद्यालय आनंद नगर खंडवा के होनहार विद्यार्थी सार्थक पुष्पेंद्र धक्सिया कक्षा 9 वी चयन राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया
कि प्रतियोगिता का आयोजन शालेय राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता जिला छिंदवाड़ा द्वारा छिंदवाड़ा जिले में 1 से 5 दिसंबर तक किया जाएगा। जहां प्रदेश की टीम में सार्थक भी शामिल होगा। सार्थक को उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। विद्यालय के प्राचार्य धनपाल चौरे ने विद्यार्थी को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह चयन विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। विद्यालय की खेल प्रशिक्षक नेहा यादव एवं समस्त स्टाफ ने भी विद्यार्थी की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि सार्थक राज्य स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, नगर एवं जिले का नाम रोशन करेगा।











