खरगोन 17 सितंबर 2025। मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विकासखंड भीकनगांव के उन्नति आजीविका संकुल स्तरीय संगठन अदलपुरा द्वारा गत दिवस साधारण सभा का आयोजन हुआ। इसमें 22 ग्राम संगठनों की स्वयं सहायता समूह की दीदियां शामिल हुईं। परंपरा अनुसार निमाड़ क्षेत्र में श्राद्ध पक्ष में मनाए जाने वाले स्थानीय त्यौहार के अंतर्गत दीवार पर संध्या माता की आकृति बनाकर सामूहिक पूजन एवं आरती की गई। इस अवसर पर उन्नति सीएलएफ के नवीन पदाधिकारियों का स्वागत, पुष्पवर्षा एवं हार पहनाकर किया गया। साथ ही सभी दीदियों को सत्यनिष्ठा, वित्तीय जागरूकता, जेंडर, स्वच्छता और स्वास्थ्य विषयों पर शपथ दिलाई गई।
मां उमिया एसएचजी की सीता दीदी ने उन्नति सीएलएफ की उपलब्धियों की जानकारी दी। प्रबंधक साधना दीदी ने आय और व्यय का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। ग्राम संगठनों से ऋण वापसी, नकद आहरण में अनियमितताओं पर चर्चा की गई। नए समूह खाता खोलने, आरएफ एवं सीआईएफ वितरण, पीएमएफएमई योजना, जेंडर फोरम और ‘सखी मंच’ से संबंधित जानकारी दी।
कार्यक्रम में लखपति दीदियों का सम्मान प्रमाणपत्र देकर किया गया। अंत में ब्लॉक स्तर पर रोजगार मेले की जानकारी दी गई और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पूरे आयोजन में प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया गया।