



रिपोर्टर= भव्य जैन
झाबुआ/पेटलावद। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का शुक्रवार को पेटलावद मंडी ग्राउंड हेलीपेड पर भव्य स्वागत किया गया। प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह, कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, आईजी श्री अनुराग, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह सहित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
जिले की परंपरा के अनुरूप मुख्यमंत्री का ढोल-मांदल, तीर-कमान, झुलड़ी एवं साफा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री स्वयं भी वाद्ययंत्र बजाने से अपने को रोक नहीं पाए। मुख्यमंत्री ने आमजन का अभिवादन प्रसन्नता के साथ स्वीकार किया तथा कन्या पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। जिनमें पर्यटन विभाग, जल संसाधन विभाग, महिला एवं बाल विकास, कृषि विभाग, उद्योग एवं उद्यानिकी, आयुष विभाग, आजीविका परियोजना एवं नगर परिषद की थीम आधारित प्रदर्शनियों की मुख्यमंत्री ने सराहना की।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 345.34 करोड़ की लागत के 72 से अधिक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इसमें 194.56 करोड़ की लागत के 35 कार्यों का भूमिपूजन एवं 150.78 करोड़ की लागत के 37 कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 1.26 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में 1541 करोड़ से अधिक की 28वीं किश्त तथा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनान्तर्गत 53.48 लाख हितग्राहियों को 320.89 करोड़ की राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण किया। साथ ही उज्ज्वला योजना एवं विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को रसोई गैस रिफिल हेतु 48 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि भी अंतरण की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के करकमलों से जिला प्रशासन द्वारा जनजातीय आयुर्वेदिक परंपरा एवं चिकित्सा ज्ञान पर आधारित पुस्तक “झाबुआ के संजीवक” का विमोचन भी किया गया। यह पुस्तक जनजातीय संस्कृति में विद्यमान जड़ी-बूटियों से उपचार के ज्ञान को संरक्षित करने के उद्देश्य से तैयार की गई है।






