

झाबुआ नगर के केशव इंटरनेशनल स्कूल में आज एक प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जब विद्यालय के 550 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने विदेशी उत्पादों के बहिष्कार एवं स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की शपथ ली।
इस विशेष अवसर पर सामाजिक महासंघ एवं गायत्री परिवार से पधारे श्री विनोद जी जायसवाल ने उपस्थित विद्यार्थी एवं शिक्षकों को शपथ दिलाई। शपथ के दौरान सभी विद्यार्थियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे अपने घर-परिवार और समाज में केवल स्वदेशी उत्पादों का ही उपयोग करेंगे तथा विदेशी वस्तुओं का प्रयोग यथासंभव नहीं करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत सभी छात्रों को स्वदेशी उत्पादों की सूची वाले पत्रक भी वितरित किए गए, ताकि वे न केवल स्वयं बल्कि अपने परिवार और समाज को भी स्वदेशी के महत्व से जागरूक कर सकें।
विद्यालय संचालक श्री अथर्व शर्मा ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। प्राचार्य शालू जैन ने कहा कि—
“बच्चे ही राष्ट्र का भविष्य हैं। यदि अभी से उनमें स्वदेशी के प्रति यह निष्ठा जागृत होगी, तो कल का भारत और अधिक आत्मनिर्भर, समृद्ध और संस्कारित बनेगा।”
विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने विचार साझा करते हुए कहा कि वे घर में अपने माता-पिता और रिश्तेदारों को भी स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे। कार्यक्रम में उपप्राचार्य जितेंद्र खतेड़िया, शिक्षक दिनेश खराड़ी, उदित पंड्या, एकता सोनी एवं समस्त स्टाफ उपस्थित था
कार्यक्रम का समापन हर घर स्वदेशी भारत के नारों के साथ हुआ।












