
चौपारण। चौपारण के दनुआ घाटी में बुधवार को एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। हथिया बाबा मंदिर से करीब 100 मीटर आगे एक ट्रिप ट्रेलर अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रिप ट्रेलर का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही चोरदाहा पिकेट एवं चौपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर एनएचएआई की क्रेन उपलब्ध नहीं थी, जिससे चालक करीब आधे घंटे तक केबिन में फंसा रहा। बाद में पुलिस ने स्थानीय लोगों और दूसरे वाहन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को खींचकर चालक को बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान आनंद कुमार (22), पिता उमेश पंडित, निवासी पटना (बिहार) के रूप में हुई है। उसे 1033 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चौपारण ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दनुआ घाटी में लगातार सड़क दुर्घटनाएं होने के बावजूद एनएचएआई की क्रेन समय पर उपलब्ध नहीं रहती। हर बार दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए निजी क्रेन या अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे राहत एवं बचाव कार्य में देरी होती है।
इस संबंध में एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि घाटी क्षेत्र के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है। हालांकि, दुर्घटना के समय क्रेन के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों ने व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए लोगों ने दनुआ घाटी में 24 घंटे क्रेन, एंबुलेंस और त्वरित राहत दल की स्थायी तैनाती की मांग की है, ताकि हादसों के बाद घायलों को समय पर राहत मिल सके।













