झारखंड

8 व 9 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर, पात्र मतदाता जुड़वा सकेंगे नाम 

 

चौपारण। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर 8 एवं 9 अगस्त को विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी नितेश भास्कर ने दी।

उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को अधिक सशक्त एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस विशेष शिविर में ऐसे सभी भारतीय नागरिक, जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है तथा जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं।

बीडीओ ने कहा कि जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे फॉर्म-8 भरकर पूरे परिवार का नाम एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित करा सकते हैं। इससे मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर प्रक्रिया केवल भारतीय नागरिकों के लिए है। किसी भी विदेशी नागरिक को इस प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं है। इसलिए सभी आवेदक सही एवं प्रमाणिक जानकारी के साथ ही आवेदन करें।

बीडीओ नितेश भास्कर ने सभी बीएलओ, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पात्र लोगों तक इस विशेष शिविर की जानकारी पहुंचाएं और उन्हें मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक आवेदन करने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक ECINet ऐप डाउनलोड कर या निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए निर्वाचन आयोग के वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!