झारखंड

चौपारण ने खोया एक और होनहार युवा: व्यवसायी अभिषेक चटर्जी ‘सिंटू’ के निधन से पसरा मातम

 

चौपारण । प्रखंड के प्रतिष्ठित दवा व्यवसायी परिवार से जुड़े युवा अभिषेक चटर्जी उर्फ सिंटू का शुक्रवार को कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही चौपारण बाजार सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

अभिषेक चटर्जी, चौपारण स्थित सविता मेडिकल के संस्थापक एवं दिवंगत व्यवसायी स्वर्गीय अमल चटर्जी के इकलौते पुत्र थे। पिता के निधन के बाद वह परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे थे और सामाजिक व्यवहार के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। लंबे समय से उनका इलाज कोलकाता के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की सूचना मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और परिचितों में शोक व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोगों ने इसे चौपारण के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

परिजनों के अनुसार, अभिषेक चटर्जी का पार्थिव शरीर शनिवार को चौपारण लाया जाएगा। इसके बाद स्थानीय मुक्ति धाम में पूरे धार्मिक रीति-रिवाज के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। उनके असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक और गम का माहौल है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!