
चौपारण। राजकीय मध्य विद्यालय रामपुर में बुधवार को छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंचायत रामपुर की मुखिया सुनीता देवी, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मंटू कुमार, प्रधानाध्यापक नंदकिशोर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान पात्र छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया गया। साइकिल मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस अवसर पर मुखिया सुनीता देवी ने कहा कि सरकार की ओर से विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना है। इससे विशेष रूप से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को काफी लाभ मिलेगा और उनकी नियमित विद्यालय उपस्थिति को भी बढ़ावा मिलेगा।विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष मंटू कुमार ने कहा कि साइकिल मिलने से विद्यार्थियों का समय और श्रम दोनों बचेगा। उन्होंने छात्रों से नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने की अपील की।
प्रधानाध्यापक नंदकिशोर ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह की योजनाएं विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंध समिति और सभी शिक्षकों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों को साइकिल का सदुपयोग करते हुए शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।













