
चौपारण। बिरहोर समाज के समग्र विकास एवं उत्थान को लेकर बुधवार को दैहर पंचायत के ग्राम दुरागड़ा स्थित मध्य विद्यालय परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुखिया ब्रह्मदेव भुइयां ने की। इसमें पंचायत स्तर के कर्मचारियों के अलावा प्रखंड से प्रतिनियुक्त अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे।बीडीओ नितेश भास्कर ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से 33 बिरहोर परिवारों के लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। इसमें 12 लोगों की मलेरिया, 10 की टाइफाइड, 33 की सिकल सेल, 15 की हीमोग्लोबिन तथा 15 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच की गई।
शिविर में 20 लोगों के आधार, सात लोगों के पेंशन तथा 15 लोगों के जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य भी किए गए। वहीं बिरहोर समाज के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से 58 स्कूली बच्चों के बीच शैक्षणिक किट का वितरण किया गया।
बीडीओ नितेश भास्कर ने कहा कि बिरहोर परिवारों को सरकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े।समाजसेवी नागेंद्र कुमार ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ बिरहोर परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना जरूरी है। इस तरह के शिविर अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों तक सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अंकित कुमार, जनसेवक मुकेश राम सहित पंचायत एवं प्रखंड के कई कर्मचारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।













