
चौपारण। प्रखंड के रामपुर स्थित परियोजना प्लस टू विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति का पुनर्गठन रामपुर पंचायत की मुखिया सुनीता देवी एवं पर्यवेक्षक बजरंग प्रसाद के निर्देशन में किया गया। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक विकास, अनुशासन एवं बेहतर वातावरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के पुनर्गठन के दौरान उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से सुभाष कुमार को अध्यक्ष तथा गुलाब राम को उपाध्यक्ष चुना।नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का सदस्यों ने स्वागत करते हुए विद्यालय के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही। मौके पर रामपुर पंचायत की मुखिया सुनीता देवी ने विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि समिति का दायित्व केवल विद्यालय की गतिविधियों की निगरानी तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।उन्होंने कहा कि सभी सदस्य आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल तैयार हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा, अनुशासन एवं आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने की अपील की। मुखिया ने कहा कि सामूहिक प्रयास से विद्यालय के बच्चे बेहतर शिक्षा प्राप्त कर आगे बढ़ेंगे और दूर-दूर तक विद्यालय के साथ अपने क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
समिति के सदस्यों ने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने का संकल्प लिया।













