
चौपारण। जेएसएससी द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगी परीक्षा रविवार को चौपारण के चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और कदाचारमुक्त माहौल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा तथा अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अनुमंडल पदाधिकारी जोहान टुड्डू, फ्लाइंग स्क्वायड दस्ता के सदस्य बरकट्ठा बीडीओ सौरभ कुमार सुमन, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट सह सीओ संजय कुमार यादव,बीडीओ नितेश भास्कर, तथा स्टैटिक मजिस्ट्रेट शशिकांत कुमार ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित कराया।
हालांकि परीक्षा शांतिपूर्ण रही, लेकिन चारों केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति काफी कम रही। केबीएसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय, चौपारण में 480 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 115, सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल, बहेरा में 312 में 68, मध्य विद्यालय सिंहपुर में 260 में 47 तथा अमोली अपूर्वा उच्च विद्यालय, मानगढ़ में 252 में केवल 58 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।
चारों केंद्रों पर कुल 1304 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से मात्र 288 ने परीक्षा दी, जबकि 1016 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार करीब 78 प्रतिशत परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए केबीएसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय में कालीचरण राम, सुरेखा प्रकाश भाई पब्लिक स्कूल में रीना पांडेय, मध्य विद्यालय सिंहपुर में कमलेश कुमार कमल तथा अमोली अपूर्वा उच्च विद्यालय, मानगढ़ में मदन साहू को केंद्राधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। प्रशासन ने परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन पर संतोष व्यक्त किया।













