झारखंड

लोकतांत्रिक तरीके से बाल संसद का पुनर्गठन, आनंद पंडा बने प्रधानमंत्री

चौपारण। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं नैतिक जिम्मेदारियों की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केबीएसएस +2 उच्च विद्यालय चौपारण में शुक्रवार को बाल संसद का लोकतांत्रिक तरीके से पुनर्गठन किया गया। कार्यक्रम प्रभारी प्रधानाध्यापक कालीचरण राम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपने प्रतिनिधियों का चयन किया।पुनर्गठन के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी जिम्मेदारियों और अधिकारों को समझते हुए बाल संसद के पदाधिकारियों का चुनाव किया। सर्वसम्मति से आनंद पंडा को बाल संसद का प्रधानमंत्री तथा सिया चौरसिया को उप प्रधानमंत्री चुना गया। दोनों के चयन पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर की।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बाल संसद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। बाल संसद विद्यालय की गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रभारी प्रधानाध्यापक कालीचरण राम ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए जिम्मेदारियों का ईमानदारी और अनुशासन के साथ निर्वहन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी देना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!