जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित , 3 शिफ्टों में अधिकारी कर्मचारी तैनात किए गए
—
अतिवृष्टि, बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए कलेक्ट्रेट खण्डवा में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 0733-2224135 है। कंट्रोल रूम एवं डिस्ट्रिक्ट नोडल कॉल सेंन्टर को संलग्न किया गया है। संपूर्ण जिले के बाढ़ नियंत्रण सम्बंधी कार्य के लिए अपर कलेक्टर श्री के.आर. बडोले को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। कंट्रोल रूम की सहायक प्रभारी अधिकारी डिप्टी कलेक्टर सुश्री दीक्षा भगोरे रहेंगी। इसके अलावा डिस्ट्रिक्ट कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारी लोक सेवा प्रबंधन विभाग के जिला प्रबंधक श्री शैलेन्द्र जाधम को बनाया गया है। बाढ़ कंट्रोल रूम के प्रभारी भू-संसाधन प्रबंधन खण्डवा के अधीक्षक श्री ठाकुर प्रसाद दोहरे रहेंगे। यह कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्यरत रहेगा। कंट्रोल रूम में ड्यूटी करने वाले स्टाफ को अतिवृष्टि, बाढ़ एवं प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली क्षति एवं अन्य सूचना या जानकारी प्राप्त होने पर उसे रजिस्टर में अंकित कर तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
कंट्रोल रूम में अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी 15 जून से 15 अक्टूबर तक 3 शिफ्टों में लगाई गई है। पहली शिफ्ट प्रातः 6 से दोपहर 2 बजे तक, दूसरी शिफ्ट दोपहर 2 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा तीसरी शिफ्ट रात्रि 10 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगी। सोमवार व गुरूवार के लिए डॉ. देवेन्द्र सोलंकी, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मंगलवार व शनिवार के लिए सहायक यंत्री आरईएस सुश्री रंजना दांगोरे को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि बुधवार, शुक्रवार व रविवार के लिए एसडीओ पीडब्ल्यू श्री सजल उपाध्याय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रत्येक शिफ्ट में 3-3 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। जिला सैनानी होमगार्ड को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक दिन रात्रि 8 बजे किसी होमगार्ड सैनिक को कंट्रोल रूम में भेजें।











