
सिवनी। पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कृष्ण लालचंदानी (भा.पु.से.) द्वारा सोमवार को चौकी पलारी अंतर्गत पलारी तिराहा स्थित चेक पोस्ट का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यह चेक पोस्ट जिले में अवैध गौवंश परिवहन की रोकथाम हेतु स्थापित की गई है।
निरीक्षण के दौरान चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस स्टाफ ड्यूटी पर मुस्तैद पाया गया। एसपी ने सभी वाहनों की सघन एवं बारीकी से जांच करने, संदिग्ध वाहनों को रोककर गहन चेकिंग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अवैध गौवंश परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक मिश्रा, एसडीओपी केवलारी श्री आशीष भराड़े, थाना प्रभारी केवलारी एवं चौकी प्रभारी पलारी मौजूद रहे।
सिवनी पुलिस द्वारा जिले के प्रमुख मार्गों पर 24×7 निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना डायल-112 या नजदीकी थाना/चौकी को दें।













